नई दिल्ली: महंगाई से परेशान देशवासियों को पेट्रोल, डीजल की स्थिर किमतों से कुछ हदतक राहत मिली है। देशभर में लगातार 21 दिनों तक ईंधन की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया। इससे पहले 4 नवंबर को सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर उत्पाद शुल्क में कटौती की थी, ताकि दरों को रिकॉर्ड-उच्च स्तर से थोड़ा नीचे लाया जा सके। नई दिल्ली में फिलहाल पेट्रोल 103.97 और डीजल 86.67 में बिक रहा है। मुंबई में, पेट्रोल 109.98, जबकि डीजल 94.14 प्रति लीटर है।
कीमतों में कमी के बावजूद, देश के चार महानगरों और कई शहरों में पेट्रोल की दरें अभी भी 100 प्रति लीटर से ऊपर हैं। मेट्रो शहरों में, मुंबई में ईंधन की दरें सबसे ज्यादा हैं। मूल्य वर्धित कर या वैट के कारण राज्यों में दरें अलग-अलग हैं।इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम जैसे राज्य द्वारा संचालित तेल रिफाइनरी अंतरराष्ट्रीय बाजारों में कच्चे तेल की कीमतों और रुपये-डॉलर की विनिमय दरों को ध्यान में रखते हुए दैनिक आधार पर ईंधन दरों में संशोधन करते हैं। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई भी बदलाव हर दिन सुबह 6 बजे से लागू होता है।