नई दिल्ली : भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, दिल्ली और आसपास के अन्य क्षेत्रों में एक ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया है, जहां तापमान 44 से 47 डिग्री सेल्सियस के बीच है। IMD ने यह भी कहा की, हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश और राजस्थान के कुछ हिस्सों में लू का प्रकोप रहेगा।
ANI में प्रकाशित खबर के मुताबिक, IMD के वरिष्ठ वैज्ञानिक आरके जेनामणि ने कहा, हम लोगों को सावधानी से बाहर निकलने की सलाह देते हैं क्योंकि गर्मी बहुत गंभीर है।
दिल्ली में बीते शनिवार को भीषण गर्मी देखी गई और शहर के कुछ हिस्सों में तापमान 47 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया। मुंगेशपुर में अधिकतम तापमान 47.1 डिग्री और पीतमपुरा में 46.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। नजफगढ़ के मौसम केंद्र ने अधिकतम तापमान 46.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया।राजस्थान के गंगानगर में अधिकतम तापमान 47.5 डिग्री सेल्सियस रहा। हरियाणा के हिसार में तापमान 46.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।आईएमडी के अनुसार, 7 जून से दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में बारिश की गतिविधियों में वृद्धि होने की संभावना है। हालांकि, आईएमडी ने रविवार को अगले कुछ दिनों के लिए उत्तर पश्चिम भारत के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान में कोई महत्वपूर्ण बदलाव नहीं होने की भविष्यवाणी की, लेकिन मध्य भारत में दो दिनों के बाद तापमान में गिरावट का अनुमान जताया है।