औरंगाबाद: राज्य सरकार ने मराठवाड़ा में बारिश प्रभावित किसानों को मंगलवार तक लगभग 2,116 करोड़ रुपये का मुआवजा दिया है।
द टाइम्स ऑफ इंडिया में प्रकाशित खबर के मुताबिक, आधिकारिक आंकड़ों से पता चला है कि, अब तक वितरित की गई सहायता राशि राज्य सरकार से संभाग को मिली कुल सहायता का 75% है। औरंगाबाद के उप संभागीय आयुक्त पराग सोमन ने कहा कि, मराठवाड़ा के सभी आठ जिलों को मुआवजे का शीघ्र वितरण करने के लिए कहा गया है। उन्होंने कहा, मुआवजे की पहली किस्त के रूप में, राज्य सरकार ने मराठवाड़ा के लिए 2,821.7 करोड़ रुपये जारी किए हैं। सरकार द्वारा दीवाली के बाद शेष 25% की दूसरी किस्त जारी होने की उम्मीद है।
राज्य सरकार ने अक्टूबर की दूसरी छमाही में, मराठवाड़ा के आठ जिलों में बारिश प्रभावित किसानों के लिए 3,762.2 करोड़ रुपये की राहत सहायता की घोषणा की थी। राज्य आपदा प्रतिक्रिया कोष (एसडीआरएफ) के मानदंडों के अनुसार वास्तविक मुआवजे की तुलना में संशोधित वित्तीय मदद 1,100 करोड़ रुपये अधिक थी। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, मराठवाड़ा में 4.7 लाख से अधिक किसान बारिश से प्रभावित हुए थे। महाराष्ट्र किसान सभा के राजन क्षीरसागर ने कहा कि, संबंधित प्रशासन को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि सरकार से प्राप्त सहायता लक्षित किसानों तक पहुंचे। कई किसान अभी भी सरकार से मदद की प्रतीक्षा कर रहे हैं। किसानों को सहायता प्रदान करने में अत्यधिक देरी से आसन्न रबी सीजन के लिए आवश्यक तैयारियां प्रभावित होंगी।