रोहतक : हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता भूपिंदर सिंह हुड्डा ने कहा कि, सरकार को किसानों से पराली खरीदनी चाहिए ताकि वे इसे जलाने के लिए मजबूर न हों। उन्होंने दावा किया कि, किसान इसे जलाने को मजबूर हैं। सरकार को इस पर न्यूनतम समर्थन मूल्य तय करना चाहिए, इससे किसानों से खरीदना चाहिए और बिजली उत्पादन जैसे अन्य उद्देश्यों के लिए इसका इस्तेमाल करना चाहिए।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने राष्ट्रीय राजधानी में वायु प्रदूषण के लिए बार-बार पंजाब और हरियाणा में पराली जलाने को जिम्मेदार ठहराया है। दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने शुक्रवार को कहा, दिल्ली में प्रदूषण का स्तर अभी भी ऊंचा है, अब तक 45,000 जगहों पर पराली जलाई जा चुकी है, जिसका असर दिल्ली के प्रदूषण स्तर पर पड़ता है। शनिवार को सिस्टम ऑफ एयर क्वालिटी एंड वेदर फोरकास्टिंग एंड रिसर्च (सफर) ने सूचित किया कि, राष्ट्रीय राजधानी की वायु गुणवत्ता बहुत खराब श्रेणी में बनी हुई है।