गुवाहाटी : असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की एक रिपोर्ट से पता चला है कि, असम के 27 जिलों में 6.62 लाख से अधिक लोग बाढ़ के मौजूदा दौर से प्रभावित हैं। रिपोर्ट के अनुसार, अकेले नागांव जिले में 2.88 लाख लोग प्रभावित हैं, जबकि कछार में 1.19 लोग, होजई में 1.07 लाख, दरांग में 60562, बिश्वनाथ में 27282, उदलगुरी जिले में 19755 लोग प्रभावित हैं।रिपोर्ट में कहा गया है, 70 राजस्व सर्कल के तहत 1413 गांव बाढ़ की चपेट में आये हैं और बाढ़ के पानी में 46160.43 हेक्टेयर फसल भूमि डूब गई है। कछार जिले में एक व्यक्ति बाढ़ के पानी में डूब गया।
रिपोर्ट में बताया गया है कि, जिला प्रशासन ने 135 राहत शिविर और 113 वितरण केंद्र स्थापित किए हैं, जहां 6,911 बच्चों और 50 गर्भवती महिलाओं / स्तनपान कराने वाली माताओं सहित 48,304 बाढ़ प्रभावित लोग शरण ले रहे हैं। नागांव जिले के कामपुर में कोपिली नदी का जलस्तर अभी भी खतरे के निशान से ऊपर बह रहा है और अपने उच्चतम स्तर को पार कर गया है।बुधवार को, विभिन्न बाढ़ प्रभावित जिलों में भारतीय सेना, राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल, राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल और अग्निशमन और आपातकालीन सेवाओं की टीमों द्वारा 8,054 लोगों को बचाया गया।