देश मे पंपों पर जल्द ही 20 प्रतिशत एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल मिलेगा

नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि, भारत ने तय समय से पांच महीने पहले 10 प्रतिशत एथेनॉल-मिश्रित पेट्रोल की आपूर्ति का लक्ष्य हासिल कर लिया है और तेल आयात पर निर्भरता को कम करने के लिए 2025-26 तक मिश्रण को दोगुना करने का लक्ष्य है। केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने सोमवार को कहा कि, अप्रैल 2023 से पहले देश के चुनिंदा पेट्रोल पंपों पर 20 प्रतिशत एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल उपलब्ध हो सकता है। मंत्री पुरी का यह बयान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की घोषणा के एक दिन बाद आया है कि भारत ने नवंबर 2022 की समय सीमा से लगभग पांच महीने पहले पेट्रोल में एथेनॉल का 10 प्रतिशत मिश्रण हासिल कर लिया है। पुरी ने कहा, हम लक्ष्य तिथि से पांच-छह महीने पहले एथेनॉल के 10 प्रतिशत सम्मिश्रण को प्राप्त करने में कामयाब हुए हैं।

नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ अर्बन अफेयर्स और वर्ल्ड रिसोर्सेज इंस्टीट्यूट इंडिया द्वारा शुरू किए गए ‘लीडर इन क्लाइमेट चेंज मैनेजमेंट’ (एलसीसीएम) कार्यक्रम में बोलते हुए, मंत्री पुरी ने कहा कि, 10 प्रतिशत एथेनॉल सम्मिश्रण पहले ही प्राप्त हो चुका है, और 20 प्रतिशत एथेनॉल सम्मिश्रण का लक्ष्य हम 2025 तक प्राप्त करने जा रहे है। उन्होंने दावा किया कि,1 अप्रैल 2023 तक या उससे पहले भी E20 पेट्रोल उपलब्ध होना शुरू हो जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here