गुवाहाटी : असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) के अनुसार, शुक्रवार को असम में बाढ़ के कारण नौ और लोगों की मौत हो गई, जिससे कुल मरने वालों की संख्या 54 हो गई। 28 जिलों में 18.94 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। असम के होजई, नलबाड़ी, बजली, धुबरी, कामरूप, कोकराझार और सोनितपुर जिलों से मौतों की सूचना मिली है। राज्य में इस साल अब तक बाढ़ और भूस्खलन से अब तक 54 लोगों की जान जा चुकी है, और 96 राजस्व मंडलों के अंतर्गत आने वाले 2,930 गांव वर्तमान में पानी के भीतर हैं।
बाढ़ के पानी ने बाढ़ प्रभावित जिलों में 43338.39 हेक्टेयर फसल भूमि को जलमग्न कर दिया है। राज्य के बेकी, मानस, पगलाड़िया, पुथिमरी, जिया भराली, कोपिली और ब्रह्मपुत्र नदियों का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर बह रहा है। वर्तमान में 1,08,104 बाढ़ प्रभावित लोग जिला प्रशासन द्वारा स्थापित 373 राहत शिविरों में शरण लिए हुए हैं। जिनमें से बजली जिले में 3.55 लाख लोग, दरांग में 2.90 लाख, गोलपाड़ा में 1.84 लाख, बारपेटा में 1.69 लाख, नलबाड़ी में 1.23 लाख, कामरूप में 1.19 लाख और होजई जिले में 1.05 लाख लोग प्रभावित हुए हैं।इस बीच, असम के कामरूप जिले में बाढ़ की स्थिति तब बिगड़ गई जब बाढ़ का पानी नए क्षेत्रों में प्रवेश कर गया जिससे क्षेत्र के 70,000 से अधिक लोग प्रभावित हुए।
लगातार बारिश से बोरोलिया नदी और जिले की अन्य प्रमुख नदियों का जलस्तर बढ़ रहा है। बोरोलिया नदी के बाढ़ के पानी ने गुरुवार को चौमुखा में एक तटबंध का एक हिस्सा बहा दिया और हाजो क्षेत्र के कई गांव जलमग्न हो गए।इससे पहले गुरुवार को, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने बॉलीवुड अभिनेता अर्जुन कपूर और निर्देशक रोहित शेट्टी को राज्य में बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए सीएम राहत कोष में 5 लाख रुपये के योगदान के लिए धन्यवाद दिया।