तिरुप्पुर (तमिलनाडु): केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि, भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में से एक है और अगले नौ वर्षों में 6.5 ट्रिलियन के साथ अर्थव्यवस्था दोगुनी होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि, आने वाले 30 वर्षों में इसके 30 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर तक पहुंचने की उम्मीद है। अगर भारत चक्रवृद्धि वार्षिक वृद्धि के आधार पर हर साल 8 फीसदी की दर से विकास करता है, तो अर्थव्यवस्था लगभग नौ वर्षों में दोगुनी हो जाएगी। वर्तमान में देश की अर्थव्यवस्था लगभग 3.2 ट्रिलियन अमरीकी डालर की है।
मंत्री गोयल ने कहा कि, अब से 18 साल बाद हम लगभग 13 ट्रिलियन अमरीकी डालर की अर्थव्यवस्था होंगे और फिर उसके बाद के नौ साल, यानी अब से 27 साल बाद, हम 26 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर की अर्थव्यवस्था होंगे। आज से 30 साल बाद, विश्वास के साथ हम सभी उम्मीद कर सकते हैं कि भारतीय अर्थव्यवस्था 30 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर की अर्थव्यवस्था होगी।गोयल ने आगे कहा कि, कुछ लोगों ने इन नंबरों पर सवाल उठाए हैं, लेकिन उन्हें वस्त्रोद्योग जैसे क्षेत्रों के विकास में महत्वपूर्ण उछाल देखने के लिए तिरुपुर जैसी जगहों पर आना चाहिए।