भूकंप: 25 साल के सबसे बड़े भूकंप से हिल गया ताइवान

ताइपेई : ताइवान के पूर्वी तट पर बुधवार सुबह 7.4 तीव्रता का भूकंप आया।अधिकारियों ने कहा कि, यह पिछले 25 वर्षों में सबसे बड़ा भूकंप था। भूकंप के बाद ताइवान और कुछ पड़ोसी देशों के तटीय इलाकों में सुनामी की चेतावनी जारी की गई है।बताया जा रहा है कि, इस भूकंप में चार लोगों की जान चली गई है और दर्जनों लोग घायल हो गए है।अधिकारियों का कहना है कि ये आंकड़े बढ़ सकते है।

भूकंप से पूर्वी तट पर हुआलिएन की प्रमुख इमारतें क्षतिग्रस्त हो गई हैं।यही जगह भूकंप का केंद्र थी। इस इलाके में बचाव अभियान जारी है। इस भूकंप ने पूरे ताइवान को हिलाकर रख दिया।दक्षिणी जापानी द्वीपों और फिलीपींस के लिए सुनामी की चेतावनी भी जारी की गई थी।चूँकि भूकंप का केंद्र जमीन के करीब था, इसलिए झटके ताइवान और द्वीपों में महसूस किए गए।

एसोसिएटेड प्रेस के मुताबिक, 7.2 तीव्रता का भूकंप हुआलिएन शहर से 18 किलोमीटर दूर और लगभग 35 किलोमीटर की गहराई पर था। अमेरिकी भूगर्भ सर्वेक्षण ने भूकंप की तीव्रता 7.4 दर्ज की है।मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, पहाड़ी मध्य पूर्व तट पर भूस्खलन सहित 25 से अधिक झटके महसूस किए गए हैं। ताइवान की राष्ट्रीय अग्निशमन एजेंसी के अनुसार, सुबह 8 बजे आए भूकंप के बाद हुआलिएन काउंटी में चार लोगों की मौत हो गई और कम से कम 57 घायल हो गए।

स्थानीय यूनाइटेड डेली न्यूज ने बताया कि भूकंप के केंद्र के पास तारोको नेशनल पार्क में चट्टान गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई।इस भूकंप में 26 इमारतें ढह गई है।इसमें 20 से ज्यादा लोगों के फंसे होने की आशंका है। इसमें कहा गया है कि इन लोगों को निकालने के लिए बचाव अभियान जारी है। हुआलिएन में इमारतें बड़े पैमाने पर क्षतिग्रस्त हो गईं।कुछ की फर्श ढह गई है, कुछ इमारतें झुक गई हैं। स्कूली छात्रों को सुरक्षा हेलमेट उपलब्ध कराते हुए सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित कर दिया गया है। 23 मिलियन की आबादी वाले ताइवान में ट्रेन सेवाएं निलंबित कर दी गईं। भूकंप के कारण मेट्रो लाइन की रेलवे लाइन क्षतिग्रस्त हो गई है। रॉयटर्स के मुताबिक, सेमीकंडक्टर दिग्गज ताइवान सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग कंपनी (टीएसएमसी) ने कहा कि उसने कुछ फैब्रिकेशन प्लांट खाली कर दिए हैं।

भूकंप के लगभग 15 मिनट बाद, योनागुनी द्वीप के तट पर 30 सेमी (लगभग एक फुट) की सुनामी आई। इशिगाकी और मियाको द्वीपों पर छोटी लहरें देखी गईं। जापान ने ओकिनावा क्षेत्र में स्थिति पर नज़र रखने के लिए सैन्य विमान भेजे। चीनी मीडिया ने बताया कि, भूकंप शंघाई और चीन के दक्षिण-पूर्वी तट के कई प्रांतों में भी महसूस किया गया। हालांकि, चीन ने सुनामी की कोई चेतावनी जारी नहीं की।

ताइवान में बार-बार भूकंप क्यों आते हैं?

ताइवान में लगातार भूकंप के झटके महसूस किये जा रहे है।हालांकि, इसे 25 साल का सबसे बड़ा भूकंप बताया जा रहा है।ताइवान ‘पैसिफिक रिंग ऑफ फायर’ की बेल्ट में आता है। पैसिफिक रिंग ऑफ फायर ज्वालामुखियों और भूकंपों की एक बेल्ट है।यह बेल्ट प्रशांत महासागर को घेरती है, जहां दुनिया में सबसे ज्यादा भूकंप आते है।ताइवान में 1901 से 2000 के बीच 91 बड़े भूकंप आये। देश में एक प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली भी है, जो भूकंप का पता लगाती है और तुरंत अलर्ट भेजती है।फरवरी 2018 में, हुआलिएन पर आखिरी बार 6.4 तीव्रता का भूकंप आया था। इस भूकंप में 17 लोगों की मौत हो गई थी।एक ऐतिहासिक होटल और कई अन्य इमारतें भी ढह गयी थी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here