भारतीय रेल ने 2023 की पहली दो तिमाही में 758.20 MT माल ढुलाई का लक्ष्य हासिल किया

संचयी आधार पर अप्रैल-सितंबर 2023 की अवधि के लिए भारतीय रेल ने 758.20 MT माल की ढुलाई की, जबकि पिछले वर्ष 736.68 MT माल की ढुलाई की गई थी, जो पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में लगभग 21.52 MT की वृद्धि दर्शाता है। रेलवे ने पिछले वर्ष के 78,991 करोड़ रुपये की तुलना में 81697 करोड़ रुपये की आय अर्जित की है, जो पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में लगभग 2,706 करोड़ रुपये अधिक है।

सितंबर 2023 के महीने के दौरान, 123.53 MT का प्रारंभिक माल ढुलाई का लक्ष्य हासिल किया गया है, जबकि सितंबर 2022 में 115.80 MT माल की ढुलाई की गई थी। इस प्रकार पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 6.67 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। सितंबर 2022 में माल ढुलाई से राजस्व के रूप में 12,332.70 करोड़ रुपये की आय हुई थी, इसकी तुलना में सितंबर 2023 में 12,956.95 करोड़ रुपये की आय अर्जित की गई है। इस प्रकार, पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 5.06 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।

भारतीय रेल ने सितंबर, 2023 के दौरान कोयले में 59.70 MT, लौह अयस्क में 14.29 MT, पिग आयरन और तैयार स्टील में 5.78 MT, सीमेंट (क्लिंकर को छोड़कर) में 6.25 MT, क्लिंकर में 4.89 MT, खाद्यान्न में 4.54 MT, उर्वरक में 4.23 MT, खनिज तेल में 4.0 MT, कंटेनरों में 7.28 MT और शेष अन्य सामान में 10.10 MT की माल ढुलाई की।

“हंग्री फॉर कार्गो” मंत्र का पालन करते हुए, भारतीय रेल ने व्यापार करने में आसानी के साथ-साथ प्रतिस्पर्धी कीमतों पर सेवा अदायगी में सुधार के लिए निरंतर प्रयास किए हैं। कुशल नीति निर्माण द्वारा समर्थित ग्राहक केंद्रित दृष्टिकोण और व्यवसाय विकास इकाइयों के काम ने रेलवे को इस महत्वपूर्ण उपलब्धि को हासिल करने में मदद की।

(Source: PIB)

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here