31 जुलाई, 2023 तक 6.77 करोड़ से अधिक आयकर रिटर्न (आईटीआर) दाखिल करने का नया रिकॉर्ड

आयकर विभाग ने करदाताओं और कर पेशेवरों द्वारा समय पर सारी प्रकियाएं पूरी करने के लिए सराहना की है। इससे आयकर रिटर्न (आईटीआर) दाखिल करने में वृद्धि देखी गई है जिसके परिणामस्वरूप आईटीआर दाखिल करने का एक नया रिकॉर्ड बना है। 31 जुलाई, 2023 तक दाखिल असेसमेंट ईयर 2023-24 के लिए कुल आईटीआर की संख्या 6.77 करोड़ से अधिक है, जो कि 31 जुलाई 2022 तक दाखिल असेसमेंट ईयर 2022-23 के लिए कुल आईटीआर (5.83 करोड़) से 16.1% अधिक है।

आईटीआर की फाइलिंग 31 जुलाई, 2023 (वेतनभोगी करदाताओं और अन्य गैर-कर ऑडिट मामलों के लिए नियत तारीख) को सबसे ज्यादा हुई और एक ही दिन यानी 31 जुलाई, 2023 को 64.33 लाख से अधिक आईटीआर दाखिल किए गए। ई-फाइलिंग पोर्टल पर यह भी देखा गया कि 31 जुलाई, 2023 को शाम 5 बजे से शाम 6 बजे के बीच आईटीआर दाखिल करने की प्रति घंटे की उच्चतम दर 4,96,559 थी। साथ ही आईटीआर दाखिल करने की प्रति सेकंड दर 486 (31-जुलाई-2023: 16:35:06) थी और आईटीआर दाखिल करने की प्रति मिनट उच्चतम दर 8,622 (31-जुलाई-2023: 17:54) दर्ज हुई।

जिन लोगों ने पहली बार आईटीआर दाखिल किया उनकी संख्या 31 जुलाई, 2023 तक 53.67 लाख रही जिससे करदाताओं में होते विस्तार का सही अंदाजा लगाया जा सकता है।

करदाताओं को अपना आईटीआर जल्दी दाखिल करने के लिए प्रोत्साहित करने के लिए लक्षित ई-मेल और एसएमएस अभियानों के साथ-साथ सोशल मीडिया पर अभियान शुरू किए गए। इस तरह के ठोस प्रयासों के सार्थक परिणाम सामने आए और करदाताओं ने पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में असेसमेंट ईयर 2023-24 के लिए अपने आईटीआर अपेक्षाकृत पहले दाखिल किए।

(Source: PIB)

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here