जनजागरण अभियान से 50 लाख किसानों तक पहुंचने का कांग्रेस का लक्ष्य: गन्ना बकाया भुगतान अहम मुद्दा

नई दिल्ली: कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्वी उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी के निर्देश पर यूपी में गन्ना किसानों के लिए जनजागरण अभियान चलाया जाएगा। 3 फरवरी को प्रदेश की राजधानी लखनऊ से शुरू होने जा रहे इस किसान जनजागरण अभियान के दौरान दो हफ्ते में 50 लाख किसानों तक पहुंचने का लक्ष्य रखा गया है।

पार्टी सूत्रों ने बताया कि खुद प्रियंका भी कई जगहों पर अभियान में शामिल होंगी। इसका उद्देश्य राज्य में दो साल से गन्ने का मूल्य न बढ़ाये जाने व गन्ने का बकाया भुगतान न होने से परेशान किसानों की समस्याओं को जानना है। किसान फसलों को नुकसान पहुंचाने वाले आवारा पशुओं की समस्या से भी जूझ रहे हैं। स्थिति इतनी गंभीर है कि कुछ दिन पहले सीएम आदित्यनाथ के दौरे से पहले सड़कें खाली कराने के लिए इंजीनियरों को आवारा पशुओं को बांधने के लिए कहा गया था, जिस पर चुटकी लेते हुए प्रियंका गाधी ने ट्वीट किया था कि एक रस्सी अपने (सीएम) दायित्वों की भी बांधिए, क्योंकि किसानों की फसलों का नुकसान भी सरकार की ही जिम्मेदारी है।

बहरहाल, किसानों के घर-घर तक पहुंचने के लिए हर ब्लॉक में 50 कांग्रेस कार्यकर्ता रोज 10 किसान परिवारों से मिलकर उन्हें दो फार्म वितरित करेंगे। एक फॉर्म में किसानों से उनकी समस्याएं बताने को कहा जाएगा, जबकि दूसरे में किसान परिवार और उनकी आर्थिक हालत की जानकारी ली जाएगी। किसान अपने सुझाव भी दे सकेंगे। इस दौरान कई नुक्कड़ सभाओं के अलावा चार बड़ी रैलियों का आयोजन किया जाएगा, जिन्हें प्रियंका गांधी संबोधित करेंगी। एक पखवाड़े बाद लखनऊ में विशाल मार्च के साथ अभियान का समापन होगा। उसके बाद पार्टी प्रतिनिधि तहसीलों में जाकर सरकारी अधिकारियों को किसानों की समस्याओं से अवगत कराएंगे।

यह न्यूज़ सुनने के लिए प्ले बटन को दबाये.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here