मुंबई : स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार, इस साल महाराष्ट्र में हीट स्ट्रोक के कारण 25 लोगों की मौत होने की आशंका है, जो छह साल में सबसे अधिक है।पिछली बार 2016 में महाराष्ट्र में हीट स्ट्रोक से होने वाली मौतों की एक बड़ी संख्या देखी गई थी, जब हीट स्ट्रोक के कारण 19 लोगों की मौत हुई थी। 1 मई, 2022 तक हीट स्ट्रोक के कुल 381 मामले सामने आए। हीटस्ट्रोक से सबसे ज्यादा 11 मौतें नागपुर में हुई हैं, इसके बाद औरंगाबाद में 5 और नासिक में 4 मौतें हुई हैं। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र (आरएमसी) मुंबई के प्रमुख डॉ जयंत सरकार ने कहा कि, उत्तरी मध्य महाराष्ट्र के अलग-अलग हिस्सों में 4 मई से 6 मई के बीच हीटवेव का अनुभव होगा।
उत्तर मध्य महाराष्ट्र के अलग-अलग हिस्सों में धुले, नंदुरबार, जलगांव और अहमदनगर जिले शामिल हैं, जहां 4 मई से 6 मई के बीच हीटवेव का अनुभव होगा। कोंकण और गोवा क्षेत्र, मराठवाड़ा और दक्षिण मध्य महाराष्ट्र जैसे अन्य क्षेत्रों में हीटवेव जैसी स्थिति नहीं देखी जाएगी।डॉ सरकार ने आगे कहा कि, हालांकि मराठवाड़ा में लू का अनुभव नहीं होगा, लेकिन इस क्षेत्र में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक रहेगा।