लखीमपुर खीरी : कटाई मजदूरों की कमी से गन्ना किसान पेराई के वक़्त अक्सर परेशान रहते है। कटाई में देरी से उनको कई बार नुकसान भी उठाना पड़ता है। लेकिन अब केन हार्वेस्टर ने गन्ना किसानों की इसी परेशानी का हल निकाला है।केन हार्वेस्टर एक घंटे में 200 क्विंटल गन्ना की कटाई करते है, इससे किसानों को काफी राहत मिलने वाली है। गोला गोकर्णनाथ क्षेत्र में पहली बार शुगर केन हार्वेस्टर मशीन का सफल परीक्षण किया गया। कुम्भी चीनी मिल ने गांव सुहेला, तेजापुर और सिकंदराबाद के खेतों में इस मशीन से गन्ना कटाई का प्रदर्शन किया।
क्षेत्र में गन्ना कटाई श्रमिकों की कमी एक बड़ी समस्या बन गई थी। अधिक मजदूरी के कारण अधिकांश श्रमिक दूसरे राज्यों में चले गए हैं। इसके अलावा, बाघ और तेंदुओं की बढ़ती संख्या के कारण श्रमिक खेतों में जाने से डर रहे थे। इस समस्या के समाधान के लिए कुम्भी चीनी मिल ने 1.20 करोड़ रुपए की शुगर केन हार्वेस्टर मशीन की खरीद की है। यह मशीन स्वचालित रूप से गन्ने को काटती है, छीलती है और सीधे ट्राली में लोड कर देती है। मशीन की क्षमता एक घंटे में 200 क्विंटल गन्ने की कटाई और छिलाई करने की है। इस तकनीकी समाधान से किसानों को गन्ना कटाई और भराई की समस्या से राहत मिलेगी।